गिरिडीह. भेलवाघाटी थाना की पुलिस के द्वारा नकली शराब फैक्ट्री का उदभेदन किया गया. पुलिस के द्वारा तैयार किया गया शराब के साथ शराब बनाने का उपकरण, खाली बोतल, ढक्कन, स्टिकर, रैपर, लोगो आदि को जब्त किया गया है. साथ ही शराब की पैकिंग कार्य में लगे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गुप्त सूचना के आधार पर भेलवाघाटी थाना की पुलिस के द्वारा उक्त कार्रवाई की गयी. जानकारी के मुताबिक गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल को सूचना मिली थी कि भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के पिपराडीह में नकली शराब तैयार कर बोलेरो वाहन से ले जाने की तैयारी की गयी है. सूचना पर खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस के द्वारा छापेमारी कर तैयार किया हुआ नकली शराब, केमिकल, उपकरण आदि को जब्त कर लिया गया. साथ ही शराब पैकिंग में लगे तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए एक बोलेरो वाहन को जब्त किया गया है. छापेमारी टीम में खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, भेलवाघाटी के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, देवरी के थाना प्रभारी सोनु कुमार साहू, भेलवाघाटी के एएसआई धर्मेंद्र सिंह, बुद्धिनाथ मरांडी आदि शामिल थे.
