गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दामोदरडीह के पास बीती रात को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस सड़क हादसे में जहां एक युवक की मौत हो गई है, वहीं एक युवक की स्थिति गंभीर है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. मृतक युवक की पहचान बेंगाबाद के महतोडीह निवासी इमरान अंसारी और घायल की पहचान शेखावत अंसारी के रूप में की गई है. पुलिस ने मृतक युवक इमरान अंसारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, वहीं घायल शेखावत अंसारी को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है. बताया गया कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर गिरिडीह आ रहे थे. इसी दौरान दामोदरडीह के पास एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को ठोकर मार दी. जिसके बाद घटनास्थल पर ही इमरान अंसारी की मौत हो गयी, जबकि शेखावत अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक इमरान अंसारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं गंभीर रूप से घायल शेखावत अंसारी के परिजन भी चिंतित और परेशान है.
