फुलवारी शरीफ (अजीत). राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत और वितरण में हो रही देरी को लेकर मंगलवार को उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया. सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार हंगामा किया और नेशनल हाईवे-98/139 को पूरी तरह जाम कर दिया.
एम्स के पास नवादा मोड़ पर प्रदर्शन घटना एम्स के समीप नवादा मोड़ काली मंदिर के पास की है. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ता अपने खाली गैस सिलेंडर लेकर सड़क के बीचों-बीच बैठ गए. सड़क जाम होने की वजह से एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और एम्बुलेंस सेवा को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
बुकिंग के बावजूद नहीं मिल रही डिलीवरी हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग का कन्फर्मेशन मैसेज मोबाइल पर आ जाता है, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती. स्थानीय निवासी ने बताया कि वे सुबह से ही लाइन में लगे थे, लेकिन एजेंसी के गोदाम पहुंचने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. लोगों का कहना है कि यह समस्या अक्सर बनी रहती है और नंबर आने के बावजूद सिलेंडर किसी और को दे दिया जाता है.
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हटा जाम सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और गैस एजेंसी प्रबंधन से बात कर वितरण व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम हटाया और यातायात सुचारू कराया. उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली की जांच की जाए ताकि कालाबाजारी पर रोक लग सके और आम जनता को समय पर ईंधन मिल सके.
