गिरिडीह. नव वर्ष से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के दिशा निर्देशन में पूरे गिरिडीह जिला में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग एवं ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से विशेष अभियान का संचालन किया गया. इस दौरान गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार के द्वारा स्वयं देर रात में जिले के शहरी इलाकों के साथ-साथ खोरीमहुआ, सरिया-बगोदर एवं डुमरी अनुमण्डल अंतर्गत अवस्थित विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. भ्रमण के दौरान मुख्य रूप से आभूषण के प्रतिष्ठानों के सुरक्षा की समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. महत्वपूर्ण चौक – चौराहों पर वाहनों की चेकिंग एवं होटल/ढाबा इत्यादि की चेकिंग भी एसपी के द्वारा किया गया. इसके अतिरिक्त बस स्टैंड एवं अन्य चौक चौराहों पर जरुरतमंद व्यक्तियों को ठंढ से बचाव के लिए एसपी डॉ. बिमल कुमार के द्वारा कंबल का भी वितरण किया गया.
