गिरिडीह. प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की टीम ने शनिवार को भंडारीडीह में संचालित दो क्रशरों में छापा मारा और आवश्यक जांच पड़ताल की। इस क्रम में टास्क फोर्स की टीम ने बिना परिवहन चलान के गिट्टी से भरा हुआ एक ट्रेक्टर को जब्त किया। जब्त ट्रेक्टर को बेंगाबाद थाना लाया गया है। इस सिलसिले में जिला खान निरिक्षक विश्वनाथ उरांव द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अधार पर 27/ 2026 के तहत ट्रेक्टर चालक और मालिक के विरूद्ध केस दर्ज किया गया है। इस मामले में खान निरीक्षक ने कहा कि गिट्टी लोड ट्रैक्टर को बघरा ओवरब्रिज के समीप पकड़ा गया। जबकि मौके पर से चालक फरार हो गया। उन्होंने बताया कि बिना परिवहन चालान के गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। टीम में बेंगाबाद सीओ अमीर हमजा, खान निरिक्षक विश्वनाथ उरांव, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह दलबल के साथ शामिल थे। थाना प्रभारी ने कहा कि भंडारीडीह स्थित दो क्रशरों की जांच पड़ताल की गई। जांच के दौरान एक क्रेशर बंद पाया गया। उन्होंने कहा कि दोनों क्रेशर संचालकों को पूरी कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स गंभीर है। अवैध खनन और परिवहन को लेकर लगातार करवाई की जा रही है। अवैध खनन और परिवहन के धंधे में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके विरुद्ध विधि सम्मत करवाई की जाएगी।
