खिजूरी के बलियारी गांव स्थित दो अवैध माइका गोदाम को किया सील, 50 टन से अधिक करीब 25 लाख का माईका जब्त
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के तिसरी और गांवा प्रखंड में अवैध रूप से माईका की तस्करी करने वाले माईका माफियाओं के खिलाफ प्रशासन के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. आज एक बार फिर से प्रशासन की टीम ने तिसरी प्रखंड क्षेत्र में अवैध माईका कारोबारियों के खिलाफ फिर से बड़ी कार्रवाई की है. तिसरी के अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद के नेतृत्व पर गुरुवार को तिसरी प्रखंड अंतर्गत खिजुरी पंचायत के बलियारी गांव में छापेमारी कर अवैध माईका के भंडारण का खुलासा किया गया. कार्रवाई के दौरान करीब 50 टन अवैध माईका जब्त किया गया. जिसमें से 40 टन माईका खुले में रखा गया था और बेशकीमती माईका बोरे में भरकर रखा गया था. प्रशासनिक टीम ने लगभग 70 बोरा बेशकीमती माईका जब्त किया है. इसके साथ ही अवैध रूप से संचालित दो गोदामों को भी सील कर दिया गया है. इस छापेमारी अभियान में प्रभारी अंचल निरीक्षक रितेश कुमार केशरी, तिसरी थाना के एएसआई लव कुमार सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध माईका कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट बता दिया है की अवैध खनन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी. यहां बता दे की तिसरी प्रखंड के विभिन्न इलाकों में गांवा और तिसरी के माईका माफियाओं के द्वारा अवैध रूप से माईका का उत्खनन भोले – भाले मजदूरों से करवाया जाता है और फिर बड़े पैमाने पर माईका को किसी सुरक्षित स्थान पर या घर में डंप कर रखा जाता है. यहां से फिर माईका माफियाओं के द्वारा बेशकीमती माईका की कोडरमा और गिरिडीह में तस्करी की जाती है. इस अवैध कारोबार से करोड़ों रुपये की कमाई की जाती है. तिसरी और गांवा प्रखंड में कई ऐसे माईका माफिया है जो इस खेल में लम्बे समय से शामिल है.
