गिरिडीह. आरोग्य भारती के जिला सचिव रहे स्व. राजेश कृष्ण दास के 15 दिसंबर 2025 को हुए आकस्मिक स्वर्गवास के पश्चात उनकी दिवंगत आत्मा की शांति हेतु गुरूवार को सरस्वती शिशु मंदिर, बरगंडा में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम आरोग्य भारती गिरिडीह, विद्या भारती एवं आरोग्य भारती धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ की गई. कार्यक्रम का संचालन आचार्य नलिन कुमार ने किया. सभा को संबोधित करते हुए आरोग्य भारती गिरिडीह के निर्वतमान अध्यक्ष, वरिष्ठ स्वयंसेवक, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने स्व. राजेश कृष्ण दास के जीवन, उनके जन्मजात स्वयंसेवी स्वभाव, समर्पित संघ कार्यकर्ता के गुणों तथा विद्या भारती के दुमका क्षेत्र सहित आरोग्य भारती में उनके द्वारा बिना प्रचार-प्रसार के किए गए लोकभाव आधारित सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला. द्वितीय वक्ता के रूप में जय प्रकाश (प्रांत सचिव, आरोग्य भारती झारखंड) ने कहा कि स्व राजेश कृष्ण दास का आकस्मिक निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है. जिस जोश, निष्ठा और समर्पण भाव से उन्होंने आरोग्य भारती को गति दी, वह अत्यंत प्रेरणादायी है. उन्होंने गिरिडीह इकाई के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि उनकी कमी को उन्हीं की तरह समर्पित भाव से कार्य कर भरना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
इस अवसर पर यतींद्र (जिला उपाध्यक्ष, आरोग्य भारती धनबाद), डॉ. विकास रमन (अध्यक्ष), दिनेश (अध्यक्ष, आरोग्य भारती धनबाद), विकास ओझा (सचिव, आरोग्य भारती धनबाद) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. साथ ही स्थानीय अध्यक्ष, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य एवं संघ के विभाग स्तरीय अधिकारीगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए. वक्ताओं ने स्व. दास से जुड़े अपने संस्मरण साझा करते हुए उनके निस्वार्थ सेवा भाव को स्मरण किया.
- गिरिडीह इकाई का हुआ पुनर्गठन
इसी क्रम में आरोग्य भारती गिरिडीह इकाई के पुनर्गठन को लेकर चीन विद्यामंदिर, गिरिडीह के प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. स्व. दास के निधन से उत्पन्न सचिव पद की शून्यता को पाटने हेतु सर्वसम्मति से ऋतेश चंद्र को जिला सचिव, डॉ. अरुण सिन्हा को सह सचिव, आशीष को उपाध्यक्ष बनाया गया. बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त दायित्वधारी स्व राजेश कृष्ण दास के सेवा, समर्पण और संगठन निष्ठा के आदर्शों पर चलते हुए आरोग्य भारती के कार्यों को और अधिक सशक्त बनाएंगे.
