गुमला. जिले के भरनो थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद माहौल गरमा गया. खान निरीक्षक अरविंद ने बालू लदे तीन हाइवा वाहनों को पकड़कर भरनो थाना के सुपुर्द किया, जिसके बाद दर्जनों हाइवा संचालक थाने पहुंच गए और कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए देर रात तक हंगामा किया.
SDO के निर्देश पर छापेमारी, ओवरलोडिंग पर लगा जुर्माना
खान निरीक्षक अरविंद के अनुसार, गुमला एसडीओ (SDO) के निर्देश पर अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया था. इसी दौरान भरनो थाने के बाहर से तीन बालू लदे हाइवा पकड़े गए. जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों वाहनों के खिलाफ ओवरलोडिंग का मामला दर्ज कर जुर्माना लगाया गया है.
हाइवा संचालकों ने लगाया मारपीट का आरोप, अधिकारी का इनकार
प्रदर्शन कर रहे हाइवा संचालकों ने खान निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे बिना नंबर की स्कॉर्पियो में कुछ लोगों के साथ पहुंचे थे और कार्रवाई के दौरान चालकों के साथ मारपीट की.
दूसरी ओर, खान निरीक्षक ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उनके साथ कोई बाउंसर नहीं था, बल्कि केवल उनका निजी चालक था.
थाना परिसर में देर रात तक बना रहा तनाव
हाइवा जब्ती और चालान काटे जाने के बाद भरनो थाना परिसर में देर रात तक गहमागहमी और नोकझोंक की स्थिति बनी रही. खान विभाग और हाइवा संचालकों के बीच विवाद गहरा गया है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा है.
