गुवाहाटी. असम की राजधानी गुवाहाटी के वशिष्ठपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है. यहां एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी रिया की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्यारे ने वारदात के बाद पत्नी का सिर धड़ से अलग कर पॉलिथीन में लपेटा और फ्रिज के अंदर छिपा दिया. इसके अलावा मृतका की उंगलियां भी काट दी गई थीं. सोमवार (7 सितंबर) को पुलिस ने फ्रिज से महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया.
पति ही निकला हत्यारा, पुलिस के सामने किया सरेंडर
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट के एडीसीपी (ईस्ट) अनुराग शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
-
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी: मृतका का पति रामानुजन गोस्वामी ही इस नृशंस हत्याकांड का मुख्य आरोपी है.
-
जुर्म कबूल किया: वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया और अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
पड़ोसियों को आई बदबू, तब खुला सनसनीखेज राज
पुलिस ने रविवार रात को वशिष्ठपुर स्थित अपार्टमेंट के फ्लैट से रिया का धड़ बरामद किया था. दरअसल, बंद फ्लैट से तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी थी.
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, रिया और रामानुजन की शादी महज 6 महीने पहले ही हुई थी और दोनों इसी किराए के फ्लैट में साथ रह रहे थे.
48 घंटे पहले की वारदात, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच से पता चलता है कि इस खौफनाक वारदात को शव मिलने से लगभग 24 से 48 घंटे पहले अंजाम दिया गया था.
-
हत्या का हथियार जब्त: फॉरेंसिक और पुलिस की जांच टीमों ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद कर लिया है.
-
पोस्टमार्टम के लिए भेजा: पुलिस ने शव और कटे हुए सिर को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.
