रांची. धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ गाली-गलौज, धमकी देने और थाना कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है.
व्हाट्सएप कॉल पर धमकी और थाना परिसर में बदसलूकी का आरोप
पुलिस एसोसिएशन के रांची जिला शाखा अध्यक्ष आनंद राज खलखो ने घटना की जानकारी देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं:
-
नौकरी बर्बाद करने की धमकी: आरोप है कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल से थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप (WhatsApp) कॉल कर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और कहा—“सरकार बदलने के बाद जिस थाने में रहोगे, वहां खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा.”
-
थाने में तोड़फोड़: उसी रात विधायक समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से अभद्र व्यवहार किया. आरोप है कि उन्होंने कार्यालय के सामान को तितर-बितर कर दिया और थाना प्रभारी की नेम प्लेट भी तोड़ दी.
सोशल मीडिया पर बयानबाजी और पुलिस की छवि धूमिल करने का आरोप
एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए लगातार पुलिस विभाग और पुलिसकर्मियों के खिलाफ तथ्यहीन बयान और विवादित वीडियो जारी किए जा रहे हैं. जनप्रतिनिधि का यह आचरण पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाता है.
पुलिस एसोसिएशन की चेतावनी: 5 दिनों में हो गिरफ्तारी
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय की ओर से विधायक जयराम महतो और अन्य नामजद आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की गई है. रांची जिला शाखा ने भी इस मांग का पूर्ण समर्थन करते हुए चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन जल्द ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं करता है, तो एसोसिएशन आगे का कड़ा रुख अख्तियार करेगा.
