चतरा. झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रंगदारी और दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. टंडवा स्थित शुशी कंपनी (Shushi Company) के कार्यालय पर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना के करीब 40 घंटे के भीतर ही पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में गोली लगने से गैंग का एक शातिर अपराधी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
20 राउंड फायरिंग के बाद एक्शन मोड में थी चतरा पुलिस
गौरतलब है कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे राहुल दुबे गैंग के चार नकाबपोश अपराधियों ने टंडवा के उड़सू स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना की आउटसोर्सिंग कंपनी शुशी के कार्यालय पर लगभग 20 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की थी. घटना के बाद चतरा एसपी अनिमेष नैथानी और टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के निर्देश पर थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था.
बसरिया के जंगलों में मुठभेड़, एसपी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
सोमवार को बसरिया के पास पुलिस टीम और अपराधियों का आमना-सामना हो गया. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली से एक अपराधी घायल हो गया और पकड़ा गया.
मुठभेड़ के बाद घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल पुलिस मामले की आधिकारिक जानकारी देने से बच रही है. चतरा एसपी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम और गिरफ्तार अपराधी का खुलासा करेंगे.
