सीसीएल कोलियरी इलाके के ओपनकास्ट सतीघाट और माइंस एरिया में संचालित 12 अवैध खंतों को किया गया ध्वस्त, जेसीबी के माध्यम से चला डोजरिंग अभियान
गिरिडीह. गिरिडीह पुलिस इन दिनों अवैध कोयला तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने में जुट गई है. इसी कड़ी में बुधवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और उनकी टीम के साथ सीसीएल की टीम ने सीसीएल कोलियरी इलाके के ओपनकास्ट – सतीघाट और माइंस एरिया में अवैध रुप से संचालित 12 अवैध खंतों की जेसीबी के माध्यम से डोजरिंग की गई. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और सीसीएल की टीम भी मौजूद रही. मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि लगातार यह सूचना मिल रही थी ओपेनकास्ट – सतीघाट इलाके में अवैध रूप से कोयला खंतों का संचालन किया जा रहा है और कोयला तस्करों के द्वारा यहां अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा है. इसी सूचना के बाद आज सीसीएल की टीम के साथ मिलकर 12 अवैध खंतों की डोजरिंग जेसीबी के माध्यम से करवाई गई है. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में सीसीएल कोलियरी इलाके क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला की तस्करी करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा की इस मामले में कई लोगों के नाम सामने आये हैं जिनके खिलाफ प्रथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
