साहिबगंज. मुफस्सिल क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक, शादी का भोज खाने जा रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

झारखंड

साहिबगंज. जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभनपुर डेरा के पास सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई. जानकारी के अनुसार, सनोज कुमार यादव (20 वर्ष) और बादल यादव (22 वर्ष) बाइक से एक विवाह समारोह में भोज खाने जा रहे थे. रात करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पीपल के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से छिटककर काफी दूर जा गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मुफस्सिल थाना की रात्रि गश्ती टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को सदर अस्पताल साहिबगंज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान तालबन्ना निवासी सनोज और शोभनपुर भट्ठा निवासी बादल के रूप में हुई है. घटना के बाद सदर अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *