गिरिडीह के 04 युवा अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम हेतु सिक्किम रवाना

गिरिडीह

गिरिडीह. मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम (ISYEP) 2025-26 के अंतर्गत सिक्किम के नामची (दक्षिण सिक्किम) में दिनांक 17 से 21 फरवरी तक आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने हेतु गिरिडीह जिले के कुल 4 युवा प्रतिभागिता के लिए रवाना हुए। युवाओं को रवाना करते समय लेखा एवं कार्यक्रम सहायक नय्यर परवेज उपस्थित रहे।

गिरिडीह जिले से इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं में दीपा कुमारी, कोमल रानी, ऋषव राज एवं सुशांत मंडल शामिल हैं।

जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता में विविधता की भावना को सुदृढ़ करना, विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच आपसी समझ, भाईचारा एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा, परंपराओं एवं जीवन-शैली से परिचित होते हैं, जिससे उनमें राष्ट्रीय एकात्मता एवं सामाजिक समरसता का भाव विकसित होता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवा सिक्किम की संस्कृति, ऐतिहासिक एवं सामाजिक विरासत से अवगत होंगे, वहीं झारखंड की लोक-संस्कृति एवं परंपराओं से वहां के युवाओं को परिचित कराएंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, भाषा सीखने की गतिविधियाँ, योग, श्रमदान, निबंध एवं परिचर्चा, स्थानीय खेल तथा शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी शामिल है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में इसी कार्यक्रम के अंतर्गत सिक्किम से 37 युवाओं का दल झारखंड की राजधानी रांची आया था। अब इसके प्रतिउत्तर में झारखंड राज्य से 37 युवाओं का दल सिक्किम के लिए प्रस्थान कर रहा है, जिसमें गिरिडीह के अतिरिक्त धनबाद, बोकारो, सिमडेगा, दुमका, कोडरमा एवं पाकुड़ जिलों के युवा भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *