गिरिडीह. धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत मायाराम टोला में 12 वर्षीय बालक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद बालक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बालक अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस भी बालक की तलाश में जुटी हुई है।
इधर, बालक की बरामदगी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने लगभग 3 घंटे से सड़क जाम कर रखा है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बालक का पता नहीं चलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि बालक की तलाश के लिए लगातार छापेमारी और खोज अभियान चलाया जा रहा है।
