गिरिडीह. झारखंड के प्रवासी मजदूरों की परेशानियां एक बार फिर सामने आई हैं. गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले के कुल 14 मजदूर दुबई में एक निजी कंपनी के शोषण का शिकार हो गए हैं. ये मजदूर अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन के कार्य के लिए दुबई गए थे. मजदूरों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से उन्हें न तो वेतन दिया गया है और न ही नियमित काम उपलब्ध कराया जा रहा है. आर्थिक तंगी के कारण उन्हें खाने-पीने और रहने तक में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
फंसे मजदूरों ने वीडियो संदेश जारी कर केंद्र और राज्य सरकार से सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाई है. मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि विदेशों में काम करने गए भारतीय मजदूरों के साथ लगातार धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आ रही हैं और समय रहते कार्रवाई बेहद जरूरी है.
इधर, गिरिडीह समेत संबंधित जिलों के मजदूरों के परिजन अपने स्वजनों की सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित हैं और सरकार से मदद की आस लगाए बैठे हैं.
