बहरागोड़ा. साकरा के केनरा बैंक में दिनदहाड़े 15 लाख की लूट, बंदूक की नोक पर स्टाफ व ग्राहकों को बनाया बंधक

झारखंड

बहरागोड़ा. पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत साकरा स्थित केनरा बैंक में मंगलवार दोपहर लगभग 1:45 बजे हथियारबंद अपराधियों ने 15 लाख रुपये लूट लिए. 5 से 6 की संख्या में आए लुटेरों ने देसी कट्टे और कटारी के बल पर बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद 6-7 ग्राहकों को बंधक बना लिया. लुटेरों ने न केवल बैंक के कैश काउंटर से 7 लाख और लॉकर से 8 लाख रुपये उड़ाए, बल्कि सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा की सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली. वारदात के बाद अपराधी बैंक के मेन गेट पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कटर से ताला काटकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.

घटना के दौरान अपराधियों ने सभी के मोबाइल फोन छीन लिए थे, जिन्हें भागते समय साकरा चौक के पास खेतों में फेंक दिया. शाखा प्रबंधक नानाजी राव ने सूझबूझ का परिचय देते हुए लुटेरों को सीसीटीवी हार्डडिस्क के बजाय इंटरनेट बॉक्स की ओर भेज दिया, जिससे लुटेरे गलत मशीन उठा ले गए और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित बच गया. जांच में पता चला है कि लुटेरे आपस में बांग्ला और बैंक कर्मियों से हिंदी में बात कर रहे थे, जिससे उनके बंगाल की ओर भागने की आशंका जताई जा रही है. घाटशिला डीएसपी अजीत कुमार कुजूर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि सुरक्षा गार्ड न होने के कारण अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम देने में सफल रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *