धनबाद. धनबाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात आरपीएफ (RPF) और सीआईबी (CIB) की टीम ने एक संयुक्त अभियान के दौरान योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस (13010) से 16 पीस कछुए बरामद किए हैं. गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या दो पर ट्रेन के जनरल कोच में तलाशी ली गई, जहाँ एक नीले रंग के लावारिस बैग से ये कछुए मिले.
प्राथमिक जांच के अनुसार, इन कछुओं को अवैध तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था, हालांकि मौके से किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी कछुओं को आगे की जांच और प्रजाति की पहचान के लिए वन विभाग को सौंप दिया है. इस घटना के बाद रेलवे परिसर में वन्यजीव तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है.
