गिरिडीह. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पतारी गांव में सोमवार 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनुभव ठाकुर, पिता राजेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुभव कार्मेल स्कूल का छात्र था और उसने हाल ही में नौवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। परीक्षा का परिणाम सोमवार को जारी हुआ, जिसमें उसे 45 प्रतिशत अंक मिले थे। बताया जा रहा है कि परिणाम को लेकर वह काफी निराश और नाराज था।सोमवार की रात वह अपने कमरे में सोने चला गया था। मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर देखा गया कि अनुभव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना और पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में मुफस्सिल थाना पुलिस को बाद में जानकारी मिली।
