महिला चौपाल ने विशेष बच्चों के साथ बांटी संवेदना की खिचड़ी

गिरिडीह

अजीडीह विद्यालय में सेवा भाव का अनूठा उदाहरण

गिरिडीह. अजीडीह स्थित नेत्रहीन एवं मूकबधिर बच्चों के विद्यालय में महिला चौपाल के तत्वावधान में सामाजिक संवेदना और सेवा भावना से प्रेरित खिचड़ी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महिला चौपाल से जुड़ी सभी सदस्यों ने स्वयं खिचड़ी तैयार कर स्नेहपूर्वक विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को भोजन कराया. कार्यक्रम का नेतृत्व शालिनी बैसखियार ने किया. इसमें मीना गुप्ता, मोनिका, रूबी, स्वाति गौतम, भारती, स्वर्णा, मंजू तरवेय, ज्योति एवं ममता गुप्ता की सक्रिय सहभागिता रही. सभी महिलाओं ने सेवा भाव से बच्चों को भोजन कराया और उनके साथ आत्मीय समय बिताया. आयोजन के सफल संचालन में विद्यालय प्रबंधन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. विद्यालय प्रबंधक मनोज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही. साथ ही शिक्षक विकास कुमार, रवि कुमार, सोनू भारती, गणेश मौर्य एवं सुनीता मुर्मू ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई. कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों के प्रति अपनापन, सहयोग और सामाजिक समावेशन की भावना को सुदृढ़ करना था. बच्चों के चेहरों पर झलकती खुशी ने इस आयोजन की सफलता को सार्थक रूप से दर्शाया. विद्यालय प्रबंधन ने महिला चौपाल की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करने की अपेक्षा व्यक्त की. यह आयोजन समाज में करुणा, सेवा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में सामने आया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *