हजारीबाग. जिले के बड़कागांव थाना अंतर्गत उरीमारी ओपी क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 8 उग्रवादियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस को 21 मार्च को जानकारी मिली थी कि कोलियरी क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही है. एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब घेराबंदी की, तो उरेज गांव की ओर से आ रही एक सफेद बोलेरो ने भागने की कोशिश की. पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान उग्रवादियों का वाहन असंतुलित होकर एक पेड़ और पुल से जा टकराया, जिसके बाद पुलिस ने सभी को धर दबोचा.
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक इंसास राइफल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, एक देसी पिस्टल, मोबाइल फोन और बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है. पकड़े गए आरोपियों में सुनील मुंडा, वीरेंद्र मुंडा, सुरेंद्र मुंडा, लालमोहन मुंडा, अनिल मुंडा, रविंद्र गंझू, सत्येंद्र गंझू और संजय मुंडा शामिल हैं. इनमें से अधिकांश उग्रवादी लातेहार जिले के बालूमाथ के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी रांची के मैक्लुस्कीगंज का निवासी है. पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है.
