भाजपा की बैठक में मंडल अध्यक्षों के नामों पर बनी सहमति, कल होगा औपचारिक ऐलान

गिरिडीह

गिरिडीह. गिरिडीह के पचम्बा के हरिचक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की आवश्यक बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, साथ ही गिरिडीह जिला चुनाव अधिकारी शशि भूषण भगत मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने की. बैठक में सभी मंडलों से लौटे मंडल चुनाव अधिकारियों द्वारा सुझाए गए नामों पर विस्तार से चर्चा की गई. एक मंडल–एक अध्यक्ष के सिद्धांत पर सहमति बनाते हुए संभावित नामों को अंतिम रूप दिया गया. चयनित नामों को नामांकन करने के लिए कहा गया है, जबकि औपचारिक घोषणा कल की जाएगी. पर्यवेक्षक अनंत ओझा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा भेजे गए नामों की गहन समीक्षा की गई है. उन्होंने कहा जो भी कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष बन रहे हैं, वे भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता हैं. मंडल स्तर पर घोषणा के बाद सभी उनका स्वागत करें. जो नहीं बन पाए हैं, वे भी पार्टी की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण हैं और उन्हें भी नए अध्यक्षों का पूरा सहयोग करना चाहिए. जिला चुनाव अधिकारी शशि भूषण भगत ने भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को भाजपा की मजबूती बताया. उन्होंने कहा मंडल अध्यक्ष बनें या न बनें, आप सभी भाजपा की रीढ़ हैं. जिनका चयन हुआ है, उनका जोरदार स्वागत किया जाए. सभी कार्यकर्ता पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों को निष्ठा से निभाएं. उन्होंने बताया कि चयनित नामों को एक फॉर्म दिया जाएगा, जिसमें एक प्रस्तावक के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी कर कल जमा करनी होगी. बैठक में पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, अशोक उपाध्याय, प्रदीप साहू, प्रकाश सेठ, नुनुलाल मरांडी, विनय शर्मा, यदुनंदन पाठक, सुनील अग्रवाल, सुनील पासवान, कामेश्वर पासवान, विनीता कुमारी, महामंत्री संदीप डंगेच, महेंद्र वर्मा, नवीन सिंह, रणजीत राय, मिथुन चंद्रवंशी, उषा कुमारी, संगीता सेठ समेत कई भाजपाई मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *