गिरिडीह. कोडरमा सांसद प्रतिनिधि सह पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव ने रविवार को 3 बजे धरियाडीह स्थित आवासीय कार्यालय में एक प्रेस वार्ता किया. इस प्रेस वार्ता के माध्यम से इन्होंने शहरी क्षेत्र में कम स्थानों पर हुए अलाव की व्यवस्था, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवा की कमी ओर सभी गरीबों तक कंबल नहीं पहुंचने जैसे मामलों पर गिरिडीह उपायुक्त को संज्ञान लेने की अपील की. इन्होंने कहा कि नगर निगम गिरिडीह की ओर से इस कपकपाती ठंड में बहुत ही कम जगह पर अलाव की व्यवस्था की गई है. जिसके कारण बहुत से इलाकों के लोगों को अलाव का लाभ नहीं मिल पा रहा है. कहा कि इस हाड़ कंपाती ठंड में अलाव राहत पहुंचाने का काम करती है. दिनेश यादव ने नगर प्रशासक से बचे हुए इलाकों में अलाव व्यवस्था की मांग की है. इन्होंने कहा कि ठंड की वजह से ज्यादातर लोग बीमार पड़ रहे हैं ऐसे में कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से लगातार शिकायत प्राप्त हो रही हैं कि स्वास्थ्य केन्द्रों में सभी प्रकार की दवाइयां उपलब्ध नहीं है. सिविल सर्जन से इन्होंने इस मामले पर संज्ञान लेने की अपील की है. वही नगर निगम क्षेत्र में हो रही कंबल वितरण पर कहा कि बहुत सारे गरीब और जरूरतमंद लोगों को अभी तक कंबल प्राप्त नहीं हुआ है. इन्होंने उप नगर आयुक्त और डीसी से अपील किया है कि सभी जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचे इस दिशा में पहल करें. मौके पर पूर्व प्रमुख राम प्रसाद यादव, भवेश यादव, मनोज यादव, देवेंद्र कुमार आदि लोग मौजूद थे.
