भारत के पूर्व चयनकर्ता के श्रीकांत ने फरवरी में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म को लेकर उठ रही चिंताओं पर अपनी बात रखी है. 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने पिछले 12 महीनों में खेले गए उतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में औसतन 17 से थोड़ा अधिक रन बनाए हैं और इस दौरान उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक ही लगाया है. अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने सूर्यकुमार की बल्लेबाजी क्रम में बार-बार बदलाव करने की आलोचना करते हुए कहा कि इस अनुभवी बल्लेबाज को भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले एक निश्चित क्रम तय कर लेना चाहिए. भारत को भी सूर्यकुमार से बड़ी पारी का इंतजार है और टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम को टी20 में केवल न्यूजीलैंड का सामना करना है.
सूर्या के बैटिंग ऑर्डर में नहीं होना चाहिए बदलाव
श्रीकांत ने कहा, ‘सूर्यकुमार को ध्यान केंद्रित करना होगा और समय लेना होगा. वह बार-बार अपनी बल्लेबाजी पोजीशन नहीं बदल सकता. उसे एक निश्चित नंबर पर बल्लेबाजी करनी होगी. अगर नंबर 3 है, तो हमेशा नंबर 3 पर ही बल्लेबाजी करनी चाहिए. टी20 विश्व कप नजदीक होने के कारण उसके लिए फॉर्म में वापस आना बेहद जरूरी है. सूर्या टीम में हमेशा रहेगा और कप्तानी भी कर सकता है, लेकिन उसकी फॉर्म बेहद चिंताजनक है. इससे न सिर्फ टीम के बाहर के लोग चिंतित होंगे, बल्कि वह खुद भी चिंतित होगा.’ भारत के पूर्व कप्तान ने सुझाव दिया कि सूर्यकुमार को कप्तानी की बजाय अपनी बल्लेबाजी पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है.
कप्तानी से ज्यादा बैटिंग पर करना होगा फोकस
श्रीकांत ने कहा कि बल्ले से लंबे समय से खराब प्रदर्शन को लेकर खिलाड़ी भी चिंतित होंगे. उन्होंने आगे कहा, ‘वह खुद देखेंगे कि पिछले कुछ समय से उन्होंने एक भी रन नहीं बनाया है. आज जिस तरह से वह आउट हुए, वह थोड़ा दुर्भाग्यपूर्ण था. मुझे लगता है कि वह अपनी कप्तानी पर जरूरत से ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, जिससे उनकी बल्लेबाजी पर नकारात्मक असर पड़ रहा है. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए. उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहिए. कप्तानी उन्हें अपने आप मिल जाएगी क्योंकि वह एक अच्छे कप्तान हैं.’
