शुक्रवार को 10 जिलों में घना कोहरा नजर आएगा. शनिवार से शीतलहरी चलेगी. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. दो से तीन डिग्री न्यूनतम तापमान गिर सकता है. गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 7.9, गुमला व कांके का 4.4 डिग्री रहा. झारखंड के 10 जिलों में दो जनवरी को घना कोहरा छाये रहने का अनुमान है. इन जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इन जिलों में सुबह में घना कोहरा रहने के साथ विजिविलिटी 50-200 मीटर तक रहने की संभावना है. राज्य के अन्य जिलों में सुबह में कोहरा व कनकनी रहेगी, लेकिन दिन में मौसम शुष्क रहेगा.
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर से सक्रिय होने व ठंडी हवा चलने से तीन जनवरी से राज्य के कई इलाकों में शीतलहरी चलने की आशंका है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है. मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को अपने स्वास्थ्य पर तथा किसानों को अपने फसलों पर विशेष ख्याल रहने की अपील की गयी है.
नववर्ष के पहले दिन मौसम शुष्क रहा
नववर्ष के पहले दिन कुछ जिलों को छोड़ कर लगभग सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा, जिससे पिकनिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ रही. गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा. इसमें पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रही. वहीं कांके व गुमला का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मेदिनीनगर का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बोकारो का 7.5 डिग्री, जमशेदपुर का 10.0 डिग्री, चाईबासा का 8.6 डिग्री, लातेहार का 8.3 डिग्री, लोहरदगा का 6.0 डिग्री, पाकुड़ का 7.6 डिग्री, खूंटी का 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान में भी कमी आयी है. अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें पिछले 24 घंटे में 1.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है, जबकि अन्य जिलों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि ही दर्ज की गयी है.
