खाना खाकर परिवार के सदस्य कमरे में चले गए सोने, चोरों ने बाहर से दरवाजा कर दिया बंद, एक लाख नगदी समेत 6 लाख के जेवरात पर किया हाथ साफ

गिरिडीह

गिरिडीह. गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक लगातार बढ़ते जा रहा है. एक सप्ताह के अंदर चोरों ने दो बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने का काम किया है. सोमवार की रात को भी चोरों ने सरिया थाना क्षेत्र के बड़की सरिया निवासी विशेश्वर पासवान के घर पर धावा बोलकर एक लाख रूपये नगद समेत 6 लाख रूपये के सोने – चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर लिया है. मामले को लेकर भुक्तभोगी विशेश्वर पासवान की पत्नी रेखा देवी ने सरिया थाना में आवेदन देकर चोरी की घटना के उदभेदन करने और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि सोमवार की रात को वे लोग घर पर पूरे परिवार के साथ मौजूद थे और रात में खाना बनाने के बाद सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले गए. सुबह 5 बजे जब कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था. आवाज देने पर आस-पास के लोग दरवाजा खोले तब हमने देखा कि एक कमरा जो बंद था और उसमें बक्से में जेवरात और नगद रुपए रखे हुए थे वह चोरी हो गई थी. जब आस-पास के लोग और परिवार के सदस्य छत पर गए तो वहां पर देखा की वह बक्सा तोड़कर फेंका हुआ था और सारा सामान इधर-उधर पड़ा हुआ था. बताया कि बक्से में एक लाख रूपये नगद और पांच लाख के जेवरात थे जो चोरों ने चुरा लिया. इस घटना के बाद भुक्तभोगी परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं आस-पास के लोगों में भारी आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है. स्थानीय ग्रामीण पुलिस प्रशासन से चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और चोरी की घटना पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच – पड़ताल में जुट गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *