गिरिडीह. तेलोडीह गांव में जमीनी विवाद को लेकर चाचा मुमताज अंसारी उर्फ बैटरी और भतीजे सलामत अंसारी के बीच आपसी झड़प हो गई। विवाद के दौरान डीएसपी हेडक्वार्टर-2 कौसर अली द्वारा समझाने और मना करने के बावजूद दोनों पक्षों की ओर से लाठी और डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना जैसे ही पचम्बा थाना को मिली, थाना प्रभारी तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी देखते ही दोनों पक्ष शांत हो गए और हालात पर काबू पा लिया गया। झड़प में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। डीएसपी कौसर अली और पचम्बा थाना प्रभारी की सूझबूझ एवं त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना होने से बच गई। फिलहाल दोनों पक्षों को थाना में उपस्थित होकर अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
