गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पांच गिरफ्तार

Uncategorized

गिरिडीह. नगर थाना पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक अंतर-थाना मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही इस अवैध कारोबार में संलिप्त कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना 09 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 15:50 बजे की है. नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास स.अ.नि. प्रमोद प्रसाद के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग चल रही थी. इसी दौरान काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नं. JH11S 9135) पर सवार दो युवकों को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो वे पुलिस को देखकर भागने लगे. सशस्त्र बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर दोनों को धर दबोचा. पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान पचम्बा थाना क्षेत्र के सुगासार निवासी रविन्द्र साव और विजय साव (दोनों पिता- गंदौरी साव) के रूप में हुई. कागजात मांगने पर जब वे असफल रहे, तो उन्होंने कबूल किया कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है. उन्होंने पुलिस को बताया कि यह बाइक उन्होंने सत्यनारायण पाण्डेय और सुनील कुमार दास से मात्र 15,000 रुपये में खरीदी थी. पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलकापुरी से सत्यनारायण पाण्डेय और सुनील कुमार दास को गिरफ्तार किया. उनसे पूछताछ में मुख्य सरगना का नाम सामने आया. उन्होंने बताया कि यह बाइक उन्होंने तेलोडीह निवासी मो. ताज हसन और मो. सदाब उर्फ मिठु से खरीदी थी, जिन्होंने नंबर प्लेट बदलकर चलाने की सलाह दी थी. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने कांड के पांचवें अभियुक्त मो. ताज हसन को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मो. सदाब की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. गिरफ्तार अभियुक्तों में रविन्द्र साव, सुगासार, पचम्बा, विजय साव, सुगासार, पचम्बा, सत्यनारायण पाण्डेय, पेठियाटांड़, पचम्बा, सुनील कुमार दास, तिवारीडीह, पचम्बा, मो. ताज हसन, तेलोडीह, पचम्बा शामिल है. इनलोगों के पास से एक काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल (नकली नंबर: JH11S 9135, वास्तविक नंबर: JH11W 8296) बरामद किया गया. कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, पु.अ.नि. अरबिन्द कुमार सिंह, स.अ.नि. प्रमोद प्रसाद, स.अ.नि. शिव सागर रजक समेत हवलदार महेश यादव और आरक्षी संजीव कुमार रजक, अजीत कुमार सिंह एवं साहीद अंसारी की मुख्य भूमिका रही. पुलिस ने नगर थाना कांड सं. 07/26 दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *