- भुक्तभोगी शिक्षिका ने नगर थाने में की शिकायत
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के गांडेय स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय फुलची में कार्यरत एक शिक्षिका सरिता दूबे के एटीएम कार्ड से 28554 की अवैध निकासी हो गई है. इस संबंध में भुक्तभोगी शिक्षिका सरिता दूबे ने नगर थाना पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच – पड़ताल कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस को दिए गए आवेदन में सरिता दूबे ने बताया कि वह गांडेय में उत्क्रमित उच्च विद्यालय फूलची में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में वे पुराना पुल रोड पावर हाउस बरगंडा में रहती है. उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम को करीब 4:30 वे अपने एटीएम कार्ड लेकर मकतपुर स्थित एसबीआई के एटीएम सेंटर पहुंची थी. यहां उन्हें अपने खाते में कितनी राशि बची हुई है, यह देखना था. बैलेंस चेक करने के लिए उन्होंने अपना एटीएम कार्ड मशीन में डाला तो कार्ड अंदर एटीएम मशीन में फंस गया और एटीएम कार्ड बाहर नहीं निकला. कार्ड बाहर नहीं निकलने के बाद उन्होंने सामने में मौजूद हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया और सारी जानकारी दी. जानकारी देने के बाद हेल्पलाइन नंबर के जरिए उन्हें यह जानकारी दी गई कि उनके बैंक का टेक्नीशियन बेंगाबाद में है और आने में करीब एक घंटा लगेगा. जब उन्होंने कहा कि उन्हें जरूरी काम है तो इस हेल्पलाईन नंबर पर बात करने के दौरान उन्हें कुछ कोड बताया गया और उसे मशीन में डालने के लिए बोला गया. जब उन्होंने उस कोड को एटीएम मशीन में डाला, फिर भी कार्ड बाहर नहीं निकला. जिसके बाद हेल्पलाइन नंबर पर दिए गए व्यक्ति से बात करने पर बताया गया कि बगल में एक मेडिकल दुकान है. वहां जाकर आप अपनी बातें बताइए, वह एटीएम कार्ड निकाल देगा. इसके बाद में वे जब – तक उक्त मेडिकल दुकान पहुंची, तब – तक उनके खाते से 28554 रुपए के निकासी हो गई थी. उन्होंने पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
