- आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के गांडेय – मधुपुर मुख्य मार्ग पर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंदनिया मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार माल वाहक 407 वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. मृतक की पहचान नारायणपुर निवासी बिनोद सिंह के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक को इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. इधर इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने गांडेय – मधुपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है और मुआवजा की मांग कर रहे हैं. इधर सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर के थाना प्रभारी गुलाम गौस, इंस्पेक्टर कमाल खान, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह सदलबल घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझने का प्रयास कर रहे हैं.
