झारखंड की पैरालिम्पिक टीम 23वीं राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में लेगी भाग

गिरिडीह

गिरिडीह. झारखंड राज्य की पैरालिम्पिक टीम के 6 खिलाड़ी एवं 2 पदाधिकारी आगामी 23वीं राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप, जो कि 16 जनवरी से 18 जनवरी 2026 तक रुड़की (उत्तराखंड) में आयोजित होने जा रही है, में भाग लेने के लिए रवाना हो रहे हैं. इस प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले चयनित खिलाड़ियों में गिरिडीह के आकाश सिंह भी शामिल हैं. जबकि गढ़वा के सुमेर कुमार, हजारीबाग के तुकेश्वर कुमार, रामगढ़ के रामसागर कुमार एवं रांची के किरण कुमारी शामिल है. टीम के साथ कोच कुमार गौरव एवं सपोर्ट स्टाफ सन्नी कुमार भी शामिल रहेंगे. खिलाड़ियों के चयन पर पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटाशंकर चौधरी एवं सचिव कुमार गौरव ने सभी खिलाड़ियों एवं टीम सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा कि झारखंड के पैरा खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद जिस दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगता किसी की क्षमता की सीमा नहीं होती, बल्कि इच्छाशक्ति और मेहनत से हर बाधा को पार किया जा सकता है. झारखंड के पैरा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे, ऐसा पूरा विश्वास है. पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड की ओर से पूरी टीम को सफल एवं गौरवपूर्ण प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *