हजारीबाग. हजारीबाग के खिरगांव स्थित हबीबी नगर मोहल्ले में एक बार फिर बम धमाकों की गूँज ने पूरे जिले को दहला दिया है. यह दूसरी बार है जब यह इलाका रक्त रंजित हुआ हैं. सूचनाओं के अनुसार इस भीषण ब्लास्ट में तीन लोगों की असमय मृत्यु हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है. यह घटना कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि एक खौफनाक पुनरावृत्ति है क्योंकि करीब नौ साल पहले भी इसी मोहल्ले में हुए बम ब्लास्ट में आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान गई थी. उस वक्त की भयावहता आज भी लोगों के जेहन में ताजा है जब शवों को तलाशने के लिए पुलिस द्वारा खोजी कुत्तों का उपयोग करना पड़ा था और जमीन के अंदर से शव बरामद हुए थे. एक ही क्षेत्र में एक ही प्रकृति की दो बड़ी घटनाओं का होना इस गंभीर अंदेशे को जन्म देता है कि शायद यह मोहल्ला बारूद के किसी बड़े और अदृश्य ढेर पर बसा है. हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को अब इसे केवल एक छिटपुट आपराधिक घटना मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. वर्तमान स्थिति यह मांग करती है कि पूरे मोहल्ले के हर खाली भूखंड, खाली पड़े मकान और संदिग्ध ठिकानों की चप्पे-चप्पे पर सघन तलाशी ली जाए. प्रशासन को एक विशेष मुहिम चलाकर यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, अन्यथा मासूम लोगों की जान ऐसे ही बारूद की भेंट चढ़ती रहेगी. अब वक्त आ गया है कि सुरक्षा एजेंसियां अपनी खुफिया व्यवस्था को दुरुस्त करें और इस अवैध बारूद के मूल स्रोत तक पहुंचकर उसे पूरी तरह जमींदोज कर दें ताकि हबीबी नगर के लोग शांति और सुरक्षा के साथ सांस ले सकें. घटना के बाद पुलिस ने गहन जांच जारी कर दिया है जो अच्छी बात है. एक शव को अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया है जबकि दो शव घटना स्थल पर ही अभी भी हैं.
