चार लाख से अधिक मूल्य के कीमती मोबाइल फोन, कैमरा व इलेक्ट्रोनिक्स सामानों पर किया हाथ साफ, जांच – पड़ताल में जुटी पुलिस
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के तिसरी चौक स्थित मिथलेश टेलीकॉम में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात चोरों ने मशीन की सहायता से दुकान की छत में लगे चदरे को काटकर दुकान में प्रवेश किया और दुकान में घुसने के बाद चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के कीमती मोबाइल फोन, कैमरा सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी कर ली. घटना की जानकारी भुक्तभोगी को रविवार सुबह उस समय हुई जब रोज की तरह दुकान संचालक मिथलेश कुमार ने दुकान खोलने पहुंचे. उन्होंने देखा कि छत का चदरा कटा हुआ है और दुकान में रखा सारा कीमती सामान गायब है. इसके बाद दुकान संचालक ने तिसरी थाना को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही तिसरी थाना के एएसआई लव कुमार मौके पर पहुंचे और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की. फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान के अंदर दिखाई दे रहा है, हालांकि नकाब पहने होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है. फिलहाल तिसरी पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है.
