गिरिडीह. गिरिडीह जिला में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेवी-ड्यूटी वाहनों/ओवरलोडेड ट्रकों की जांच की जा रही है. जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार सीख से सुरक्षा के तहत परिवहन विभाग द्वारा दिनांक 1 जनवरी से 31 जनवरी तक विभिन्न गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जिले के लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सकें. उन्होंने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि जब भी बाइक चलाए तो हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें एवं कार चलाए तो सीटबेल्ट का प्रयोग करें और साथ ही साथ किसी भी दुर्घटना व्यक्ति को देखें तो उसे नज़दीकी अस्पताल में उपचार हेतु मदद करें जिसमें उसकी जान को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें. साथ ही यातायात नियमों का पालन कर दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की. सड़क सुरक्षा माह’ में हाईवा सहित सभी वाहनों पर नियमों का पालन करवाने और सुरक्षा उपाय लागू करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सकें.
