16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम का  आयोजन, दिलाया गया शपथ 

गिरिडीह

गिरिडीह. 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय सभागार में सभी अधिकारियों, बीएलओ, सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मियों, मीडिया कर्मियों समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की शपथ दिलाई गई, इसमें बिना किसी भेदभाव और प्रलोभन के स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड का वितरण, जिन्होंने हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूरी की है तथा SIR, मतदाता सूची, मैपिंग कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला स्तर पर बी०एल०ओ० को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें भारत के प्रजातांत्रिक जीवन मूल्यों और परम्पराओं के प्रति जागरूक करता है। भारत अपने लोकतंत्र के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हम लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सुदृढ़ और मजबूत बनाने में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। उप विकास आयुक्त ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से मतदान प्रक्रिया में शामिल होकर भारत की लोकतांत्रिक परम्परा का हिस्सा बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण में एक वोट की भी बड़ी भूमिका होती है, इसलिए सभी नागरिकों को अपने बहुमूल्य मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी और निर्भीकता से करना चाहिए। इसके अलावा उप विकास आयुक्त ने निर्वाचन कार्य में अपनी जिम्मेवारी का निर्वाचन करने वाले सभी बीएलओ की सराहना की। उन्होंने मतदान कार्य प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका को अहम बताया। कहा कि SIR, मतदाता सूची और मैपिंग कार्य में बीएलओ ने पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।” की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने कहा कि हमारे लोकतंत्र की विशालता और विविधता हमारे लिए गर्व की बात है। हमारे लोकतंत्र की गौरवशाली यात्रा में निर्वाचन आयोग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने निष्पक्ष एवं समावेशी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन प्रणाली में कार्यरत सभी कर्मियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी युवा मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस क्यों मनाया जाता है, इसके संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को सुदृढ़ और सशक्त बनाने में सभी मतदाताओं का अहम योगदान होता है। उन्होंने मतदान की प्रक्रिया में पूरी ईमानदारी से कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्राउंड लेवल पर बीएलओ के द्वारा किए गए कार्यों से मैपिंग कार्यों में प्रगति हुई है। उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतों ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस (25 जनवरी 1950) के अवसर पर वर्ष 2011 से किया जा रहा है। *इस मतदाता दिवस का मुख्य बीम आयोग द्वारा “My India My Vote” एवं Tagline “Citizen at the Heart of Indian Democracy” है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना, नैतिक एवं समावेशी मतदान को बढ़ावा देना, नये एवं युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराते हुए चुनावी प्रकिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करवाना, मतदाताओं के बीच चुनावी प्रक्रिया के संबंध में विश्वास को मजबूत करना आदि है ताकि अधिक से अधिक व्यक्तियों विशेषकर महिला एवं युवा वर्ग का निबंधन मतदाता सूची में किया जा सके और सभी निर्वाचक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इस वर्ष 25 जनवरी को रविवारीय अवकाश रहने के कारण राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन राज्य में दो चरणों में अर्थात् आज के दिन यानि दिनांक 22 जनवरी 2026 को राज्य के सभी कार्यालयों में मतदाता प्रतिज्ञा का प्रतिज्ञापन का आयोजन किया जा रहा है तथा दिनांक 25 जनवरी 2026 को सभी मतदान केन्द्रों में मतदाता दिवस का आयोजन किया जायेगा। वर्तमान में गिरिडीह जिला में कुल निबंधित मतदाताओं की संख्या 21,08,830 है जिसमें पुरुष मतदाता की संख्या 10,69,900 महिला निबंधित मतदाताओं की संख्या 10,38,912 एवं अन्य मतदाताओं की संख्या 18 है। निबंधित मतदाताओं का Gender ratio. 971 है। 18-19 उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,10,387 है तथा 80+ उम्र के मतदाताओं की संख्या 19,697 है। चुनावी प्रकिया में सभी वगों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु मतदाता सूची में कुल 36,735 दिव्यांग मतदाताओं का चिन्हितीकरण का कार्य किया गया है जिन्हें मतदान दिवस में आवश्यकतानुसार व्हील चेयर की सुविधा दी जाती है एवं उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने हेतु अलग से वाहन/volunteers की भी व्यवस्था किया जाता है। इसी प्रकार जिले के गावां/सरिया एवं बगोदर में निवास करने वाले शत् प्रतिशत PVTG व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कर लिया गया है। अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ के द्वारा कार्यक्रम का समापन किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का काफी महत्व है। वर्ष 2011 से हर चुनाव में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस ’25 जनवरी’ को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। परंतु इस वर्ष 25 जनवरी को रविवार रहने के कारण 22 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। मतदाता दिवस सभी भारत के नागरिकों को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की याद दिलाता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति के लिए मतदान करना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक का मतदान प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है ताकि हमारा लोकतंत्र और सशक्त एवं मजबूत हो। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह/खोरीमहुआ/बगोदर सरिया, समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यालय प्रधान, प्रधान लिपिक, सभी विभाग के अधिकारी व अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *