जमशेदपुर के विवेक की कला बनी आराधना, वृंदावन में प्रेमानंद महाराज को भेंट की 1.51 लाख मोतियों की तस्वीर

झारखंड

जमशेदपुर. जमशेदपुर के आदित्यपुर सिंडिकेट कॉलोनी निवासी कलाकार विवेक कुमार के लिए वृंदावन की यात्रा जीवन की सबसे यादगार पलों में से एक बन गयी. दरअसल हुआ यूं कि 20 जनवरी की शाम वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के दौरान विवेक भावुक हो उठे. उन्होंने अपनी कला को भक्ति और समर्पण का माध्यम बनाते हुए पांच रंगों और 1.51 लाख मोतियों से तैयार प्रेमानंद महाराज की भव्य तस्वीर भेंट की.

इस चित्र को तैयार करने में विवेक को करीब दो महीने की कड़ी मेहनत करनी पड़ी. विवेक बताते हैं कि जब उन्होंने पहली बार प्रेमानंद महाराज के दर्शन किये, तो सारी थकान मानो पल भर में गायब हो गई. खास बात यह रही कि विवेक के आग्रह पर प्रेमानंद महाराज ने खुद चित्र पर अंतिम मोती लगाकर उसे पूरा किया और पूरे स्नेह के साथ स्वीकार किया.

चित्र देखकर प्रेमानंद महाराज बेहद खुश हुए. उन्होंने विवेक को राधा-रानी की तस्वीर बनाकर लाने के लिए विवेक को निवेदन किया और कहा कि उन्हें इसका इंतजार रहेगा. प्रेमानंद महराज का आशीर्वाद लेकर लौटे विवेक कुमार ने बताया कि वे जल्द ही लगभग पांच लाख मोतियों से राधा-कृष्ण का विशाल चित्र तैयार कर प्रेमानंद महाराज को सौंपेंगे.

यह पहला अवसर नहीं है जब विवेक कुमार ने अपनी अनोखी कला से लोगों को चौंकाया हो. इससे पहले भी वे जुबिली पार्क में रंगोली के माध्यम से देश के जाने-माने उद्योगपति रतन टाटा का विशाल चित्र बना चुके हैं. वहीं, जमशेदपुर शहर के गोलमुरी के बिड़ला मंदिर में रंगोली के जरिये प्रभु राम का सबसे बड़ा चित्र बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है. इस उपलब्धि के लिए उनका नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया जा चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *