IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 209 रनों का बड़ा टारगेट रखा था, जिसे भारत ने आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत के हीरो रहे कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और शिवम दुबे (Shivam Dube). मैच के बाद दुबे ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि क्यों सूर्या इस फॉर्मेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं. उन्होंने ईशान किशन (Ishan Kishan) और अपनी गेंदबाजी को लेकर भी कई बड़ी बातें कही.
कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से पिछले 468 दिन में कोई बड़ी पारी नहीं निकली थी. इस दौरान उन्होने 23 पारियां खेली थी.यह पहली बार था जब उनके बल्ले से 50 से ज्यादा रन निकले हैं. इस वजह से कई लोग उनकी फॉर्म पर सवाल उठा रहे थे. लेकिन इस मैच में सूर्या ने धमाकेदार पारी खेलकर सभी क्रिटिक्स को जवाब दिया.
शिवम दुबे ने इस पर बात करते हुए कहा कि कुछ समय पहले ही उनसे सूर्या की फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया. दुबे ने कहा मैंने तब भी कहा था और आज भी कह रहा हूं कि सूर्या भाई उस तरह के खिलाड़ी हैं कि जब वो अपनी लय में होते हैं, तो पूरी दुनिया देखती है. दुबे ने आगे कहा कि आज की पारी ने साबित कर दिया है कि सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज क्यों बने हुए हैं. उनकी बल्लेबाजी ने मैच को एकतरफा बना दिया.
मैच के दौरान एक समय ऐसा आया जब भारतीय टीम को एक मजबूत साझेदारी की जरूरत थी. तब क्रीज पर सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे साथ में थे. इन दोनों के बीच 81 रनों की साझेदारी हुई. शिवम दुबे को इस मैच में हार्दिक पांड्या से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था ताकि लेफ्ट और राइट हैंड बैटिंग का सही तालमेल बन सके. इसका फायदा भी मिला और दुबे ने सिर्फ 18 गेंदों में 36 रन बनाए. दुबे ने कहा कि उन्हें सूर्या के साथ बैटिंग करने में बहुत मजा आया. जब दूसरे छोर पर दुनिया का सबसे अच्छा बल्लेबाज खेल रहा हो, तो आपका आत्मविश्वास अपने आप बढ़ जाता है. दुबे ने कप्तान के खेलने के अंदाज की भी खूब तारीफ की.
