गिरिडीह. बीते पांच दिन पूर्व पीरटांङ के हरलाडीह पंचायत के एक गांव में जतरा मेला देख कर लौट रही दो नाबालिग आदीवासी युवतियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच करने शनिवार को खुद उत्तरी छोटानागुपर क्षेत्र हजारीबाग के डीआईजी अंजनी कुमार झा हरलाडीह पहुंचे. जहां डीआईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. हरलाडीह पहुंचने के बाद सबसे पहले डीआईजी अंजनी झा ने गिरिडीह के एसपी डा. बिमल कुमार से जतरा मेला देख कर लौट रही दो नाबालिग आदिवासी युवतियों के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जानकारी ली और फिर खुद घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे इलाका का निरीक्षण कर हर एंगल से जांच की. इस दौरान डीआईजी श्री झा ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है और घटना को लेकर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे है. जिसके आधार पर पुलिस घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी करने के लिए छापेमारी कर रही है. बहुत जल्द मामले खुलासा कर लिया जायेगा और दोषियों को कङी सजा दिलाई जायेगी. इधर डीआईजी के आगमन को लेकर पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया था. बता दें कि बीते पांच दिन पूर्व रविवार को पीरटांङ के हरलाडीह में लगे जतरा मेला देख कर लौट रही एक गांव की दो आदिवासी युवतियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटित हुई है. जिसके बाद से लगातार विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं और ग्रामीणों के द्वारा पुलिस से जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है. इधर घटना के बाद से पुलिस की कई टीम मामले के उद्भेदन करने में जुटी हुई है. फोरेंसिक टीम के साथ टेक्निकल टीम, डॉग स्क्वयॉड की टीम समेत कई टीम मामले के उद्भेदन करने के लिए एक-एक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. मौके पर गिरिडीह के एसपी डा. बिमल कुमार, डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद समेत तमाम पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
