पटना के दीघा घाट पर डूबे दो शख्स, बचाने कोई नहीं उतरा, महिला सिपाही ने गंगा में लगाई छलांग

नेशनल

पटना. पटना के दीघा घाट पर माघ पूर्णिमा के मौके पर दो शख्स गंगा नदी में डूब गए. सूचना मिलते ही आसपास बड़ी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई. इसी बीच ड्यूटी पर तैनात महिला यातायात सिपाही तारा कुमारी ने बिना डर के नदी में छलांग लगा दी और दोनों युवकों की खोज में जुट गई.

कौन थे डूबे हुए युवक?

दीघा थानेदार संजीव कुमार ने बताया कि डूबने वालों की पहचान गार्ड बाबू (50) और धनंजय कुमार (30) के रूप में की गई है. दोनों गयाजी के चाकन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. वे सुबह के वक्त दीघा घाट पर गंगा स्नान के लिए आए थे.

दोनों को गहरे पानी की नहीं थी जानकारी

स्नान के लिए दोनों शख्स गंगा में प्रवेश किए. उनलोगों को गहरे पानी की जानकारी नहीं थी. इसी कारण वे डूब गए. घाट पर मौजूद लोग डूबते युवकों को देखकर शोर मचाने लगे, लेकिन कोई सीधे मदद के लिए आगे नहीं आया.

महिला सिपाही ने दिखाई बहादुरी

महिला सिपाही तारा कुमारी ने वहां का माहौल देखा. उसके बाद तुरंत पानी में छलांग लगा दी. दोनों युवकों की गंगा नदी में खोज शुरू की. उनका यह साहस वीडियो में भी कैद हुआ है, जिसमें वर्दी में पानी में उतरकर खोज करती तारा कुमारी दिखाई दे रही हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बचाव अभियान जारी

हालांकि, अभी तक दोनों शख्स नहीं मिले हैं. स्थानीय पुलिस, गोताखोर और SDRF टीम भी मौके पर सर्च अभियान चला रहे हैं. पुलिस ने सभी स्नान करने वालों से सतर्क रहने और गहरे पानी से सावधान रहने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *