साथ ही मैट्रिक परीक्षा को लेकर कुल 95 केंद्र एवं इंटर परीक्षा के लिए 63 केंद्र बनाया गया है…*
गिरिडीह. जिले में आगामी 03 फरवरी से प्रारंभ होने वाली मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला उपायुक्त, रामनिवास यादव ने गांवा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. इस दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार एवं परीक्षा कक्षों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा उनकी निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए. साथ ही किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश सख्ती से प्रतिबंधित रहे. उन्होंने स्पष्ट किया कि सख्त निगरानी के साथ नकल मुक्त एवं निष्पक्ष परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों का पूर्व मूल्यांकन कर लिया जाए. साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की व्यवस्था तथा परीक्षा के दिन एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिले में मैट्रिक परीक्षा के परीक्षार्थियों की संख्या 40,827 है. जबकि, इंटर परीक्षा के परीक्षार्थियों की संख्या 27,137 है। साथ ही मैट्रिक परीक्षा को लेकर कुल 95 केंद्र एवं इंटर परीक्षा के लिए 63 केंद्र बनाया गया है.
