T20 वर्ल्ड कप 2026: कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ICC ने मैच शेड्यूल किया है, और हम खेलने के लिए तैयार हैं. हमारी टिकट बुक हो गई हैं, और हम दिल्ली के बाद कोलंबो जा रहे हैं. सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप मैच के लिए कोलंबो जाएगी, फिर भले ही पड़ोसी देश ने मैच का बहिष्कार करने की घोषणा क्यों ना की हो.
15 फरवरी को है भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला
भारत को 15 फरवरी को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तानी टीम का सामना करना है. लेकिन पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को मैच में हिस्सा नहीं लेने के लिए कहा है. पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में ऐसा फैसला लिया है. क्योंकि सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है.
काश मैं पाकिस्तान का फैसला ले पाता : सूर्या
सूर्यकुमार ने यहां टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस मीट के दौरान कहा, मुझे लगता है कि उनका फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है. काश मैं उनके फैसले ले पाता लेकिन यह उनका फैसला है. हम एशिया कप में भी खेले थे और हम उनके साथ तीन बार खेले थे. सूर्यकुमार ने कहा, हमारी सोच काफी स्पष्ट है. टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले सात फरवरी को खेल रहे हैं और फिर हम वहां जाएंगे. हमने पाकिस्तान के खिलाफ कुछ अच्छा क्रिकेट खेला है. हमें बताया गया है कि मैच 15 तारीख को है, मैच तटस्थ स्थल पर है और अगर हमें मौका मिलता है तो हम खेलेंगे. यह उनके (पाकिस्तानी खिलाड़ियों) के लिए भी एक मुश्किल फैसला है.
7 फरवरी से भारत का अभियान शुरू
टी20 विश्व कप शनिवार से शुरू हो रहा है. और भारत उसी शाम अपने पहले मैच में अमेरिका से भिड़ेगा. भारत और अमेरिका के बीच मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. जबकि पाकिस्तान भी अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को ही लीदरलैंड के साथ मुकाबले से करेगा.
