पश्चिम बंगाल. पश्चिम बंगाल विधानसभा में वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ममता बनर्जी की सरकार ने 4.06 लाख करोड़ रुपए का अंतरिम बजट पेश किया. इसमें महिलाओं, युवाओं और राज्य कर्मचारियों के लिए अहम घोषणाएं की गयीं हैं. लोकलुभावन बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि युवाओं को सरकार 1500 रुपए प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देगी. लक्खीर भंडार (लक्ष्मीर भंडार) की राशि बढ़ायी जायेगी. बंगाल चुनाव 2026 से पहले सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ाने की भी घोषणा वित्त मंत्री ने की है. आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का भत्ता 1000 रुपए बढ़ाने का ऐलान वित्त मंत्री ने अंतरिम बजट भाषण में किया.
राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने राज्य विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता राशि फरवरी से 500 रुपए बढ़ायी जायेगी.
उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए ‘बांग्लार युवा साथी’ नाम से नयी योजना शुरू करने की भी घोषणा की. इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को प्रति माह 1,500 रुपए का भत्ता दिया जाएगा. यह सहायता राशि युवाओं को नौकरी मिलने तक या अधिकतम 5 वर्ष की अवधि तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगी.
सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया
इसके अलावा भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गयी है. साथ ही आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1,000 रुपए की वृद्धि की भी बजट में घोषणा की गयी.
- पश्चिम बंगाल सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ाया जायेगा
- आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के भत्ते में 1,000 रुपए की बढ़ोतरी होगी
- पश्चिम बंगाल सरकार ने फरवरी से महिलाओं के लिए ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना के तहत हर महीने 500 रुपए का अनुदान देने का प्रस्ताव किया.पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा में पेश किये गये अंतरिम बजट की तारीफ की है. उन्होंने कहा है कि केंद्र से आर्थिक मदद नहीं मिलने के बावजूद बंगाल सरकार ने जन-हितैषी बजट पेश किया है. उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2027 के लिए बंगाल का बजट वित्तीय अनुशासन दिखाता है.
