रामनिवास यादव ने समाहरणालय अवस्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया

गिरिडीह

गिरिडीह. समाहरणालय अवस्थित विभिन्न कार्यालय में जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आज जिला उपायुक्त, रामनिवास यादव ने समाहरणालय में अवस्थित विभिन्न विभागों यथा:- राजस्व शाखा, समाज कल्याण विभाग, बाल संरक्षण शाखा, विधि शाखा, जिला स्थापना शाखा सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, कार्यालयीन व्यवस्था, साफ-सफाई, अनुशासन एवं आमजनों को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की. इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से उनके दायित्वों, लंबित मामलों, सेवा वितरण की स्थिति एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग समयबद्ध रूप से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आम नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े.

आगे उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय आम जनता के लिए प्रशासन का प्रमुख केंद्र है, अतः यहां आने वाले नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार, त्वरित सुनवाई एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा देना सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का दायित्व है. उन्होंने फाइलों एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, डिजिटल प्रक्रियाओं के अधिकतम उपयोग तथा कार्यालयीन पारदर्शिता पर विशेष बल दिया. निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, सूचना पट्ट, शिकायत निवारण व्यवस्था एवं कार्यालय समय के पालन की भी समीक्षा की गई. जिन विभागों में कमियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा कर कार्यों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जाए. इसके अलावा उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जिले के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *