उत्तर प्रदेश. पुलिस ने अपहरण के महज पांच घंटे के भीतर एक युवक को सकुशल बरामद कर लिया. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना क्षेत्र में युवक संजय कुमार का अपहरण किया गया था. पुलिस के मुताबिक, संजय कुमार एक युवती के साथ घर से भाग गया था. इससे नाराज होकर लड़की के पिता और भाई ने प्लान बनाकर अपहरण किया और उसे मारने की तैयारी कर रहे थे.
सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी की, जगह-जगह चेकिंग शुरू की. अलग-अलग टीमों ने दबिश दी. ग्रामीण एसपी अमृत जैन ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे अपहरण की सूचना मिली थी. त्वरित कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया. पुलिस ने अपहरण के सिर्फ पांच घंटे के भीतर युवक को ढूंढ निकाला और इस मामले में लड़की के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया.
ग्रामीण एसपी अमृत जैन ने बताया कि पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए अपहरण के मामले को तेजी से सुलझाया. युवक को महज पांच घंटे में सुरक्षित बरामद कर लिया. शुरुआती पूछताछ में पता चला कि कुछ दिन पहले युवक आरोपी परिवार की लड़की के साथ भाग गया था, जिसको लेकर केस दर्ज था. इसी रंजिश में लड़की के पिता और भाई ने अपहरण की साजिश रची. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बुलेट बाइक भी जब्त कर ली है. मामले की आगे जांच जारी है.
