गिरिडीह. सिरसिया स्थित बद्री नारायण साहा डी ए वी पब्लिक स्कूल में ‘ब्लेसिंग सेरेमनी’ एवं बाल-वाटिका (EEDP) का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन माननीय नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ जी के कर कमल द्वारा किया गया. माननीय मंत्री के आगमन पर विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने उन्हें पुष्प गुच्छ एवं शॉल भेंट कर हृदय से स्वागत किया. कार्यक्रम का शुभारंभ डीएवी के वैदिक परंपरा के अनुरूप हवन यज्ञ के साथ किया गया, जिसमें माननीय मंत्री, प्राचार्य महोदय, शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी सहभागिता निभाई. इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ‘ब्लेसिंग सेरमनी’ का भी आयोजन किया गया था, जिसमें माननीय मंत्री, प्राचार्य महोदय, शिक्षकगण एवं अभिभावकगण ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य, सफलता एवं उत्तम परिणाम के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया. मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण एवं अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आवाहन किया. इसके पश्चात बाल वाटिका का फीता काटकर उद्घाटन किया. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ जी ने कहा कि “प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होती है. छात्र रूपी कच्चे घड़े को शिक्षक रूपी गुरु आकार देने का कार्य करता है. बाल वाटिका के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में संस्कार युक्त एवं पूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी जो उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगी. उन्होंने विद्यालय परिवार को इस शैक्षणिक पहल के लिए शुभकामनाएं दी और विद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर की भूरी-भूरी प्रशंसा की. ” विद्यालय प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि “विद्यालय का लक्ष्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं बल्कि सुरक्षित और आनंददायक वातावरण में बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, बाल वाटिका इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल शिक्षा एवं शीघ्र ही पूरा बाल वाटिका (EEDP) सेक्शन वातानुकूलित करने के लिए हम प्रयासरत हैं. विद्यालय में सभी कक्षाओं के प्रवेश हेतु आवेदन पत्र (एडमिशन फॉर्म) नर्सरी से कक्षा 9 एवं कक्षा 11 के लिए बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल, ब्लॉक रोड सिरसिया में ही मिलेंगे. मौके पर प्रिंसिपल जज, गिरिडीह धनंजय कुमार डॉ विकासलाल, राजू खान एवं विशिष्ट गणमान्य अतिथि शिक्षकगण एवं भारी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे.
