बिहार. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में लकड़ीढाई बांध रोड पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के चौथे दिन भारी हिंसा और तनाव देखा गया। कोर्ट के आदेश पर अंडरग्राउंड पाइपलाइन योजना के लिए सरकारी जमीन खाली कराने पहुंची प्रशासनिक टीम का ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया।
विरोध के दौरान स्थानीय लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी, जिसके बाद ग्रामीणों के दो गुट आपस में भिड़ गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। शुरुआती विरोध के बाद स्थिति बेकाबू होते देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई। पुलिस की सख्ती और उपद्रवियों को खदेड़े जाने के बाद ही हालात पर काबू पाया जा सका और बुलडोजर कार्रवाई दोबारा शुरू हुई। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी है, जबकि ग्रामीण बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़े जाने से नाराज हैं। फिलहाल इलाके में तनाव बरकरार है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
