पश्चिम बंगाल. पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर क्षेत्र में अवैध कोयला और बालू तस्करी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को ईडी ने स्मगलिंग सिंडिकेट के दो सक्रिय सदस्यों, चिन्मय मंडल और किरण खां को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी सोमवार को हुई लंबी पूछताछ के बाद की गई है।
एजेंसी ने इससे पहले 21 नवंबर और 3 फरवरी को दुर्गापुर, रानीगंज और जामुड़िया सहित 12 ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिससे तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे थे। ईडी का मुख्य उद्देश्य अब व्यक्तिगत तस्करों के बजाय पूरे स्मगलिंग नेटवर्क के तारों को जोड़ना है। इस मामले में बुदबुद थाने के प्रभारी से भी पूछताछ की गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह जांच अब पूरे इलाके के अवैध सिंडिकेट को जड़ से उखाड़ने की दिशा में बढ़ रही है और आने वाले दिनों में कुछ और प्रभावशाली लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
