बजट सत्र में बवाल. लोकसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार (11 फरवरी) को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सत्ता पक्ष के बीच तीखी झड़प हुई। राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समझौते के जरिए ‘भारत को बेच’ दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारत के दरवाजे खोलने से देश के छोटे किसान बर्बाद हो जाएंगे।
सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन आरोपों को निराधार और असंसदीय बताते हुए कहा कि राहुल गांधी बिना किसी सबूत के झूठ फैला रहे हैं और उनके भाषण के आपत्तिजनक हिस्सों को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की। वहीं, भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के व्यवहार को ‘सड़क किनारे जैसा’ बताते हुए तंज कसा कि वे जहरीले झूठ फैलाकर विदेश चले जाते हैं। सदन में हंगामे के दौरान भाजपा ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के तरीके की तुलना ‘शाहीन बाग’ से करते हुए इसे अशोभनीय करार दिया।
