जमशेदपुर. जमशेदपुर के चर्चित कैरव गांधी अपहरण कांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। जांच में पता चला है कि अपहरण में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर कार पर जिस नंबर (JH 05 DN 1231) का उपयोग हुआ था, वह बिष्टुपुर के ही एक अन्य बड़े उद्यमी संदीप मल्होत्रा की कार का है। संदीप मल्होत्रा की गम्हरिया में स्पंज आयरन कंपनी है और उनके पास कई लग्जरी कारें हैं, जिनका नंबर ‘1231’ ही है।
पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या संदीप मल्होत्रा का मुख्य साजिशकर्ता तेजिंदर पाल सिंह से कोई संबंध है, या फिर अपराधियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए जानबूझकर संदीप की कार के नंबर का इस्तेमाल किया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अपराधी पुलिस की वर्दी पहनकर और गाड़ी पर ‘पुलिस’ का स्टीकर व फ्लैश लाइट लगाकर आए थे। दूसरी ओर, संदीप मल्होत्रा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और वे किसी तेजिंदर पाल सिंह को नहीं जानते।
इस मामले में अब तक 16 आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से केवल 6 की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, कोर्ट में आरोपी मोहन कुमार प्रसाद की जमानत याचिका पर अब 12 फरवरी को सुनवाई होगी।
