सरायकेला. सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना दुगनी पुलिस लाइन के समीप की है, जहाँ पीछे से आ रहे एक अज्ञात पिकअप वैन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
इस हादसे में ऑटो चालक मुकेश दास (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के समय ऑटो में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, जिससे एक बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों और सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह की मदद से घायल चालक को तुरंत सदर अस्पताल सरायकेला में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है और फरार पिकअप वैन की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
